ईरान ने साफ किया रुख, अमेरिकी नौसेना की घेराबंदी जारी रही तो होर्मुज फिर से नहीं खुलेगा

Summary :

तेहरान, 10 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को कहा कि जब तक अमेरिका ईरान के खिलाफ अपनी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोला जाएगा। तेहरान में एक साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए बाघेई ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की सैन्य आक्रामकता के कारण होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया गया था। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने इस बात पर जोर दिया…

तेहरान, 10 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को कहा कि जब तक अमेरिका ईरान के खिलाफ अपनी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोला जाएगा।

तेहरान में एक साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए बाघेई ने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की सैन्य आक्रामकता के कारण होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया गया था।

ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस रूट को फिर से खोलने का मामला अमेरिका और इजरायली अधिकारियों द्वारा ईरान और होर्मुज स्ट्रेट पर लागू की गई शर्तों पर निर्भर करता है।

बाघेई ने कहा, “जब तक अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए जरूरी हालात नहीं बन पाएंगे। अमेरिका को अपनी विनाशकारी कार्रवाइयों को रोकना होगा और उनमें बदलाव करना होगा, ताकि दोनों पक्ष आगे के कदमों पर बातचीत कर सकें।”

दरअसल, होर्मुज स्ट्रेट फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया के सबसे अहम ऊर्जा गलियारों में से एक है और इसके जरिए ही खाड़ी क्षेत्र के बड़े उत्पादक देशों से तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) का निर्यात अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक किया जाता है।

एक तरफ ईरान लगातार अमेरिका से अपने रवैये को सुधारने की चेतावनी दे रहा है, तो दूसरी तरफ ओमान के साथ जहाजों के ट्रांजिट के लिए कॉरिडोर बनाने को लेकर बातचीत हो रही है। बाघेई ने कहा कि ईरान और ओमान के बीच शिपिंग रूट को लेकर बातचीत एक द्विपक्षीय मामला है जिसमें दो देश शामिल हैं।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को कहा कि अभी अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के सेंटर फॉर पॉलिटिकल एंड इंटरनेशनल स्टडीज में रिपोर्टरों से बात करते हुए अराघची ने कहा, “अभी हमारी अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है। मध्यस्थ अभी भी बातचीत फिर से शुरू करने के तरीके खोजने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे नजरिए से, जब तक अमेरिका ज्ञापन समझौते का उल्लंघन बंद नहीं करता और अपने किए गए उल्लंघनों की भरपाई नहीं करता, तब तक बातचीत फिर से शुरू नहीं हो सकती।”

उन्होंने कहा कि वे होर्मुज स्ट्रेट में एक नया समुद्री रास्ता तय करने के बारे में ओमान के साथ बातचीत के आखिरी चरण में हैं। ईरानी विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा कि ओमान के साथ एक नए समुद्री रास्ते पर समझौता करने का मतलब यह नहीं है कि होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोल दिया जाएगा। यह समझौता हो सकता है, लेकिन स्ट्रेट को खोलना कुछ शर्तों पर निर्भर है।

–आईएएनएस

केके/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.