कौशांबी में हाईवे पर हादसा: तेज रफ्तार बस ने श्रद्धालुओं की पिकअप को उड़ाया, 25 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

Summary :

कौशांबी में दर्दनाक हादसा. कड़ा धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 1 की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए।

Kaushambi Truck Auto Accident

Kaushambi Truck Auto Accident : कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में मलाका हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। कड़ा धाम दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप सवार 35 वर्षीय रुग्गा नाम के एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

निजामपुर पुरैनी से दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु

मिली जानकारी के अनुसार, निजामपुर पुरैनी गांव से सभी श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर कड़ा धाम दर्शन के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी मलाका हाईवे पर पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।

घायल श्रद्धालु दीपक ने आपबीती बताते हुए कहा कि बस इतनी अचानक सामने आई कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला।

कई की हालत गंभीर

अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। सभी घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने रुग्गा को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन पर डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रख रही है।

यह भी पढ़ें – सपा ज्वाइन कर सकते हैं बृजभूषण शरण सिंह? बीजेपी ने खुद बताई पूरी बात

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।