टोक्यो, 14 मई (आईएएनएस)। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची दो दिवसीय दौरे पर 19 मई को दक्षिण कोरिया जाएंगी। जापान के डिप्टी चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी मासानाओ ओह-जाकी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ताकाइची अपनी इस यात्रा के दौरान दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग से मुलाकात करेंगी। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन और ईरान संघर्ष के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति में आ रही बाधाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों नेताओं की मुलाकात दक्षिण-पूर्वी शहर एंडोंग में हो सकती है, जो राष्ट्रपति ली का गृह नगर है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच “शटल डिप्लोमेसी” यानी नियमित पारस्परिक शिखर यात्राओं की परंपरा का हिस्सा मानी जा रही है।
इस साल जनवरी में राष्ट्रपति ली जापान गए थे और उन्होंने नारा प्रांत में ताकाइची के साथ शिखर वार्ता की थी।
जापानी अखबार योमिउरी शिम्बुन के अनुसार, जापान दक्षिण कोरिया के साथ एक्विजिशन एंड क्रॉस-सर्विसिंग एग्रीमेंट (एसीएसए) पर आगे बढ़ना चाहता है। यह मुद्दा 7 मई को सोल में हुई दोनों देशों के रक्षा और विदेश उप मंत्रियों की “टू-प्लस-टू” सुरक्षा बैठक में भी उठा था।
एसीएसए ऐसा समझौता है जिसके तहत आपात स्थिति में दोनों देश भोजन, ईंधन, परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक सेवाओं को साझा कर सकते हैं।
हालांकि, दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने 8 मई को साफ कर दिया था कि फिलहाल सोल जापान के साथ ऐसे किसी सैन्य लॉजिस्टिक समझौते पर विचार नहीं कर रहा है।
दक्षिण कोरियाई रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ” सरकार आपसी सम्मान और विश्वास के आधार पर जापान के साथ स्थिर और भविष्य उन्मुख रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाना चाहती है, लेकिन एसीएसए पर अभी कोई योजना नहीं है।”
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



