मनीला, 22 अगस्त (आईएएनएस)। फिलीपींस की राजधानी में संक्रामक रोगों के एक बड़े अस्पताल में लेप्टोस्पायरोसिस के मामले 50 तक पहुंच गए हैं और वहीं दो लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी वजह मूसलाधार बारिश और उसके बाद आई व्यापक बाढ़ है।
समाचार एजेंसी सिंहुआ ने स्थानीय मीडिया टीवी5 के हवाले से बताया कि स्वास्थ्य विभाग (डीओएच) द्वारा संचालित संक्रामक रोगों के लिए राष्ट्रीय रेफरल केंद्र, सैन लाजारो अस्पताल ने लेप्टोस्पायरोसिस के मरीजों के लिए एक एक्सप्रेस लेन खोली है।
डीओएच के अनुसार, अब तक देश भर से 3,760 मामले सामने आए और आशंका है कि गुजरते दिनों के साथ ये संख्या और बढ़ेगी।
स्थानीय मीडिया की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य फिलीपींस के इलोइलो प्रांत में पिछले आठ महीनों में लेप्टोस्पायरोसिस से करीब 10 लोगों की मौत हुई है।
इलोइलो प्रांत में मरने वालों की संख्या 2025 की इसी अवधि में इस बीमारी से मरने वाले लोगों की संख्या से दोगुनी है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, लोगों से आग्रह किया गया है कि अगर उन्हें संक्रमित होने का अंदेशा है तो प्रोफिलैक्सिस या बचाव वाली एंटीबायोटिक्स तुरंत लें।
इस बीच, नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून और उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के कारण कुल 88 शहरों और नगर पालिकाओं ने आपदा की स्थिति घोषित की गई है।
सबसे बुरी तरह प्रभावित प्रांतों में सेंट्रल लुजोन के पम्पांगा, बाटान और बुलाकान शामिल हैं; यह देश का सबसे बड़ा मैदानी इलाका है जो लुजोन के मुख्य द्वीप पर मनीला के उत्तर में स्थित है।
पम्पांगा प्रांत में, आधे से ज्यादा गांव अभी भी जलमग्न हैं, जिसके लगभग 10 लाख (1 मिलियन) लोगों पर इसका असर पड़ा है और कृषि को लगभग 1.4 बिलियन पेसो (लगभग 22.68 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का नुकसान हुआ है।
बाटान प्रांत ने आपदा की स्थिति घोषित की है और लगभग 8,000 निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बुलाकान प्रांत में, बाढ़ से हुए नुकसान के कारण सांता मारिया का एक पुल बंद रहा।
‘आपदा की स्थिति’ फिलीपींस सरकार द्वारा जारी की गई एक आधिकारिक आपातकालीन घोषणा है, जो तब की जाती है जब कोई गंभीर प्राकृतिक आपदा, महामारी या बड़ा संकट किसी शहर, प्रांत या पूरे देश को अपनी चपेट में लेता है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



