रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा को राजनीतिक मंजूरी न मिलने से दौरा हुआ रद्द : एमईए

Summary :

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को राजनीतिक मंजूरी इसलिए नहीं दी गई, क्योंकि कार्यक्रम उनके पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप नहीं थे। एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की विदेश यात्राओं के लिए राजनीतिक मंजूरी देते समय मंत्रालय प्रस्तावित कार्यक्रमों का आकलन करता है। उन्होंने कहा, “प्रस्तावित कार्यक्रम संबंधित पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होने चाहिए। इस मामले में अमेरिका के संबंध…

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को राजनीतिक मंजूरी इसलिए नहीं दी गई, क्योंकि कार्यक्रम उनके पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप नहीं थे।

एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की विदेश यात्राओं के लिए राजनीतिक मंजूरी देते समय मंत्रालय प्रस्तावित कार्यक्रमों का आकलन करता है।

उन्होंने कहा, “प्रस्तावित कार्यक्रम संबंधित पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होने चाहिए। इस मामले में अमेरिका के संबंध में ऐसा नहीं था। इसलिए मंजूरी नहीं दी गई।”

जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि रेवंत रेड्डी की ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी गई थी।

इससे पहले शुक्रवार को तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने पुष्टि की कि केंद्र सरकार से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने अमेरिका यात्रा रद्द कर दी है।

बताया गया कि, रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल को ब्रिटेन और अमेरिका की यात्रा करनी थी। राज्य सरकार ने निर्धारित प्रक्रिया और प्रोटोकॉल के तहत दोनों देशों की यात्रा के लिए केंद्र से अनुमति मांगी थी। शुरुआत में केवल ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी गई।

सीएमओ ने बताया कि जब आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ब्रिटेन पहुंच चुका था, तब केंद्र ने राज्य सरकार को सूचित किया कि अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लंदन से अमेरिका के बोस्टन जाने के बजाय हैदराबाद लौटने का फैसला किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के मुताबिक, रेवंत रेड्डी ने इस फैसले पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य तेलंगाना के विकास को बढ़ावा देना, शिक्षा क्षेत्र को आगे बढ़ाना और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देना था।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि इस यात्रा का एकमात्र उद्देश्य नई शिक्षा नीति के तहत दुनिया के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद से जोड़ना था। उनके मुताबिक, इससे राज्य के युवाओं को शीर्ष आइवी लीग विश्वविद्यालयों और दुनिया के अग्रणी शिक्षण संस्थानों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण हासिल करने के अवसर मिल सकते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और युवाओं के भविष्य के मुद्दे पर सभी को राजनीति और चुनाव से ऊपर उठकर सोचना चाहिए।

अमेरिका यात्रा रद्द होने के मुद्दे पर केंद्र और तेलंगाना सरकार के बीच राजनीतिक मतभेद भी सामने आए हैं। जहां राज्य सरकार ने इसे “राजनीतिक कारणों” से अनुमति नहीं दिए जाने का आरोप लगाया है, वहीं विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित कार्यक्रम मुख्यमंत्री के पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप नहीं थे।

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.