नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका और चीन दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार संतुलित करने के उद्देश्य से ऐसी गैर-संवेदनशील वस्तुओं की पहचान कर रहे हैं, जिनका आयात-निर्यात दोनों देशों के बीच अधिक संतुलित तरीके से किया जा सके। यह जानकारी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमिसन ग्रीर ने दी।
ग्रीर ने फाइनेंशियल टाइम्स के पॉडकास्ट एफटी न्यूज ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिका और चीन ने ‘बोर्ड ऑफ ट्रेड’ नाम का एक तंत्र बनाया है। इसके तहत दोनों देशों के अधिकारी मिलकर ऐसी वस्तुओं की सूची तैयार कर रहे हैं, जिनमें व्यापार राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील नहीं है और जिनमें आयात-निर्यात का संतुलन बनाया जा सकता है।
उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति का बचाव करते हुए दावा किया कि इससे अमेरिका में विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिली है और कंपनियां दोबारा देश में उत्पादन शुरू कर रही हैं।
ग्रीर ने कहा, “2026 में अमेरिका में विनिर्माण क्षेत्र में 30,000 से अधिक नई नौकरियां जुड़ी हैं। विनिर्माण उत्पादकता भी बढ़ रही है और हमारे सभी प्रमुख संकेतक सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि देशभर में छोटे कारोबारियों और किसानों से बातचीत के दौरान उन्हें यह एहसास हुआ कि लोग घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने की सरकार की नीति को समझते हैं।
ग्रीर के मुताबिक, कई कारोबारी कह रहे हैं कि वे उत्पादन बढ़ाने के लिए अतिरिक्त शिफ्ट चला रहे हैं और फिर से कर्मचारियों की भर्ती कर रहे हैं।
कनाडा के साथ व्यापारिक संबंधों पर ग्रीर ने आरोप लगाया कि ओटावा लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुके एक व्यापार समझौते से पीछे हट गया और उसने अमेरिकी व्यापार के खिलाफ जवाबी कदम उठाने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि अमेरिका केवल विदेशी देशों में बने उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगा रहा है और इसे वह सामान्य व्यापारिक नीति का हिस्सा मानता है, जबकि कनाडा जवाबी कार्रवाई करने वाला प्रमुख देश बन गया है।
ग्रीर ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी प्रशासन ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति के तहत अपनी व्यापार रणनीति पर आगे भी कायम रहेगा। उनके अनुसार, बीते वर्षों में अमेरिका ने अपने औद्योगिक आधार का बड़ा हिस्सा खो दिया है और सरकार का लक्ष्य उसे फिर से मजबूत करना है।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



