द हेग, 6 अगस्त (आईएएनएस)। नीदरलैंड के उत्तरी लिम्बर्ग स्थित जंगल में लगी आग पर काबू पाने के बाद अब प्रभावित इलाके में सफाई और निगरानी का काम जारी है। दमकलकर्मी लगातार क्षेत्र पर नजर रख रहे हैं, ताकि आग दोबारा भड़कने की किसी भी घटना को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, यह आग सोमवार को लगी थी। इस भीषण आग से प्राकृतिक संरक्षित क्षेत्र के कम से कम 100 हेक्टेयर हिस्से प्रभावित हुए हैं। आग बुझाने के लिए करीब 300 दमकलकर्मियों को तैनात किया गया, जिन्हें नीदरलैंड के रक्षा विभाग के हेलीकॉप्टरों का भी सहयोग मिला।
उत्तरी लिम्बर्ग सुरक्षा क्षेत्र ने इस आग को बेहद बड़ी बताया है। आग काफी बड़े क्षेत्र में फैल गई थी, हालांकि प्रभावित कुल क्षेत्रफल का अभी सटीक आकलन नहीं हो पाया है।
इस घटना में किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की जानकारी नहीं मिली है। आग लगने के कारणों का भी अब तक पता नहीं चल सका है।
प्रवक्ता के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग ने बड़ी संख्या में दमकलकर्मियों और वाहनों को मौके पर तैनात किया। आग की गंभीरता और लंबे समय तक चलने वाले राहत कार्यों को देखते हुए अतिरिक्त दमकल इकाइयों को भी बुलाया गया। विभिन्न टीमों को रोटेशन के आधार पर तैनात किया गया है और अधिकारियों का मानना है कि अभियान अभी कुछ समय तक जारी रह सकता है।
इस बीच, रॉयल नीदरलैंड्स मौसम विज्ञान संस्थान (केएनएमआई) ने सोमवार शाम लिम्बर्ग क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की थी। वहीं, पूरे प्रांत सहित देश के अन्य हिस्सों में भी उच्च तापमान को लेकर ‘कोड यलो’ चेतावनी प्रभावी है।
दमकल विभाग कई फायर इंजनों और सहायता वाहनों से लैस विशेष अग्निशमन इकाई के साथ आग बुझाने के अभियान में जुटा हुआ है। राहत कार्यों में सहयोग के लिए सेना के तीन हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने दोहराया है कि इस आग से अब तक किसी के घायल होने या किसी संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
–आईएएनएस
केके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



