विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बालाकोट हमले में किसी आम नागरिक या जवान की मौत नहीं होने संबंधी बयान के बाद पाकिस्तान की सेना ने भारत पर निशाना साधते हुए कहा कि नई दिल्ली को पाकिस्तानी एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराने और 2016 सर्जिकल हमले का अपना दावा भी वापस ले लेना चाहिए।
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर के इस बयान से कुछ घंटों पहले स्वराज ने कहा था कि पाकिस्तान के बालाकोट में फरवरी में एक आतंकवादी शिविर पर किए गए हवाई हमले में कोई पाकिस्तानी जवान या आम नागरिक नहीं मारा गया। गफूर ने बृहस्पतिवार को एक ट्वीट किया, ”उम्मीद है कि अन्य झूठे भारतीय दावों को भी वापस लिया जाएगा, मसलन सर्जिकल हमला 2016, पीएएफ द्वारा भारतीय वायु सेना के दो विमानों को मार गिराए जाने से इनकार और एफ16 संबंधी दावा। देर आए दुरुस्त आए।”
पाकिस्तान ने इस बात से इनकार किया है कि भारतीय वायुसेना के विमानों ने बालाकोट में आतंकवादियों पर हमला किया था। स्वराज ने अहमदाबाद में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि भारतीय सेना को अभियान में ”पूरी छूट” दी गई थी लेकिन उन्हें स्पष्ट रूप से यह बताया गया था कि किसी पाकिस्तानी आम नागरिक की मौत नहीं होनी चाहिए और पाकिस्तानी सेना को ”कोई खरोंच” नहीं आनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी को पुलवामा में आतंकवादी हमले में 40 जवानों के शहीद हो जाने के बाद भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट इलाके में जैश ए मोहम्मद के एक आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया था। स्वराज ने कहा था, ”पुलवामा हमले के बाद जब हमने सीमा पार हवाई हमला किया तो हमने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को बताया कि हमने केवल आत्म रक्षा में ऐसा कदम उठाया है।” उन्होंने कहा था कि सेना से कहा गया था कि केवल जैश ए मोहम्मद के आतंकी शिविरों को निशाना बनाए जिसने पुलवामा हमले की जिम्मेदारी ली थी।


Download Android App
Download iOS App


