भारत आ रहे कच्चे तेल से भरे एक टैंकर में श्रीलंका के पूर्वी तट के पास बृहस्पतिवार को आग लगने के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने शुक्रवार को कहा कि उसने आग बुझाने और तेल फैलने से रोकने के उपायों के लिये अपने संसाधनों की तैनाती की है।
एक रक्षा विज्ञप्ति में यहां कहा गया कि भारतीय तटरक्षक बल ने तिरुक्कोविल (दक्षिण पूर्वी श्रीलंकाई तट) से करीब 37 समुद्री मील पूर्व में एमटी न्यू डायमंड पोत के चालक दल के 23 सदस्यों को बचाने के लिये अपने पोतों और विमान को तैनात किया है।
विज्ञप्ति में कहा गया, “संयुक्त प्रयास के बाद हादसे का शिकार हुए पोत के चालक दल के 22 सदस्यों को बचा लिया गया है। भारतीय तटरक्षक बल ने गश्त कर रहे शौर्य और सारंग नाम के अपने दो पोतों को अग्नि शमन और अन्य सहायता के लिये भेजा है।” भारतीय तटरक्षक पोत सुजय को भी हेलिकॉप्टरों और गोताखारों के साथ रवाना किया गया है।
इसके अलावा प्रदूषण रोकने के काम आने वाला पोत ‘समुद्र पहरेदार’ भी तेल का प्रसार रोकने में मदद के लिये विशाखापत्तनम से रवाना हो गया है। इसमें कहा गया कि तटरक्षक के डोर्नियर विमान को चेन्नई में तैनात किया है जिससे इलाके की निगरानी की जा सके।


Download Android App
Download iOS App



