उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सैय्यद जफर इस्लाम को निर्विरोध रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की उपस्थिति में सैय्यद जफर इस्लाम के प्रतिनिधि ने उनका निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किया। बीजेपी के डमी उम्मीदवार प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने नामांकन वापस ले लिया था।
निर्वाचन अधिकारी बृज भूषण दुबे ने बताया कि निर्वाचन के लिए प्रत्याशियों द्वारा प्रस्तुत किए गए नामांकन पत्र के नाम वापसी का आज अंतिम दिन था। उन्होंने बताया कि गोविंद नारायण द्वारा अपना नाम वापस ले लिया गया था। नारायण के नाम वापस लिए जाने के उपरांत राज्यसभा निर्वाचन के लिए जफर को एकमात्र प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
बृज भूषण दुबे ने बताया कि सपा के राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन के कारण रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर निर्वाचन के लिए बीजेपी समर्थित सैय्यद जफर इस्लाम एवं गोविंद नारायण के अलावा एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी महेश चंद शर्मा ने अपना नामांकन कराया था। उन्होंने बताया कि शर्मा का नामांकन पत्र कोई प्रस्तावक ना होने के कारण खारिज कर दिया गया था जबकि गोविंद नारायण ने अपना नाम वापस ले लिया था।
जफर इस्लाम बीजेपी के वरिष्ठ प्रवक्ता और मीडिया के लिए जाना-माना चेहरा हैं। राजनीति में आने से पहले जफर इस्लाम एक विदेशी बैंक के लिए काम किया करते थे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



