विमान पर कथित अटैक के बाद हमें सैन्य अभियानों को और तेज करने की जरूरत : इजरायली मंत्री

Summary :

तेल अवीव, 30 सितंबर (आईएएनएस)। इजरायली मंत्री ने तेल अवीव जा रही फ्लाइट को क्रैश कराने की कोशिश को ‘आतंकवादी’ घटना करार दिया है। यह घटना तब हुई जब सऊदी अरब में एक फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी; पायलट और को-पायलट के बीच हाथापाई के बाद शुरू में विमान के हाईजैक होने का डर पैदा हो गया था। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने कहा कि इस घटना से पता चलता है कि इजरायल को पूरे क्षेत्र में अपने सैन्य अभियानों को और तेज करने की जरूरत है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “भगवान और जांबाज यात्रियों…

तेल अवीव, 30 सितंबर (आईएएनएस)। इजरायली मंत्री ने तेल अवीव जा रही फ्लाइट को क्रैश कराने की कोशिश को ‘आतंकवादी’ घटना करार दिया है। यह घटना तब हुई जब सऊदी अरब में एक फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी; पायलट और को-पायलट के बीच हाथापाई के बाद शुरू में विमान के हाईजैक होने का डर पैदा हो गया था। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने कहा कि इस घटना से पता चलता है कि इजरायल को पूरे क्षेत्र में अपने सैन्य अभियानों को और तेज करने की जरूरत है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “भगवान और जांबाज यात्रियों का शुक्रिया, लेकिन इजरायल की सुरक्षा नीति को और मजबूत कर अगले स्तर तक ले जाने की जरूरत है।” उन्होंने आगे कहा कि देश को ईरान, लेबनान, गाजा और कब्जे वाले वेस्ट बैंक में “पूरी जीत हासिल होने तक” लड़ते रहना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा, “यह भोली-भाली सोच कि हमारे दुश्मन जिंदगी की अहमियत समझते हैं और हमारी दया के हकदार हैं, उसे आज सुबह एक और कड़ा सबक मिला। यह सबक एक ऐसे आतंकवादी के रूप में मिला जिसने विमान को उड़ाने और उसमें सवार 180 इजरायलियों की हत्या करने की योजना बनाई थी।”

इसी तरह, इजरायल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने कहा, “जिस किसी ने भी विमान को गिराने और 180 इजरायलियों की हत्या करने की कोशिश की, उसे वैसा ही दंड मिलना चाहिए जैसे उसने उनकी हत्या की हो और ऐसा ही दंड उस देश या आतंकवादी संगठन को भी मिलना चाहिए जिसने उन्हें भेजा था।”

इजरायली मीडिया आउटलेट्स, द टाइम्स ऑफ इजरायल, यरूशलम पोस्ट और ‘हारेत्ज’ ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि अधिकारी इसे “आतंकवादी” घटना मान रहे हैं और उन्हें “शक है कि हो सकता है कि पायलटों में से किसी ने जान-बूझकर विमान को क्रैश करने की कोशिश की हो”।

लगभग 180 यात्रियों को ले जा रहे बोइंग 737 मैक्स 8 विमान ने बुधवार सुबह सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान ने तीन इमरजेंसी सिग्नल भेजे थे, जिनमें से एक ‘संभावित गैर-कानूनी दखल’ का संकेत दे रहा था। इजरायली मीडिया ने विमान में सवार लोगों के चौंकाने वाले बयान और वीडियो सामने आए हैं। कुछ लोगों ने बताया कि हमलावर को काबू करने के लिए यात्री कॉकपिट में घुस गए और इस दौरान एक पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया।

एक तस्वीर में एक अज्ञात यात्री अपनी सीट पर बैठा दिख रहा है और उसकी शर्ट पर खून लगा है। दुबई से तेल अवीव जा रहे बोइंग 737 मैक्स 8 के यात्रियों ने इजरायली मीडिया को बताया कि काबू में किए जाने से पहले एक पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी।

बाद में, प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि स्थिति “नियंत्रण में” है और यात्रियों को इजरायल लाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि विमान के हाईजैक होने की आशंका के बाद सेना ने फाइटर जेट भेजे थे, लेकिन घटना के सामने आने के कुछ ही देर बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने हाईजैक की संभावना को खारिज कर दिया था।

एक बयान में तबुक एयरपोर्ट ने कहा कि तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट स्थानीय समयानुसार सुबह 9:45 बजे उतरी और उसके कैप्टन और को-पायलट “घायल पाए गए, जिन्हें घायलावस्था में अस्पताल ले जाया गया”।

फ्लाईदुबई ने कहा कि फ्लाइट एफजेड 1073 के साथ “रास्ते में एक घटना हुई,” लेकिन सभी यात्री “सुरक्षित हैं और उनकी सही-सलामत होने की पुष्टि हो गई है।”

–आईएएनएस

केआर/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.