इजराइल से अनुसंधानकर्ताओं की एक उच्च स्तरीय टीम कोविड-19 की एक रैपिड जांच किट विकसित करने के लिए भारत के साथ जारी कार्य को आगे बढ़ाने के वास्ते सोमवार को यहां पहुंची। इस जांच किट के माध्यम से परिणाम 30 सेकंड में आ सकते हैं।
भारत में इज़राइल के राजदूत रॉन मलका ने कहा कि यदि जांच किट विकसित हो जाती है, तो यह कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एक ‘‘बड़ी उपलब्धि’’ हो सकती है। इजराइली दूतावास ने पिछले सप्ताह कहा था कि इजरायली रक्षा मंत्रालय की अनुसंधान एवं विकास टीम कोविड-19 रैपिड जांच किट विकसित करने के लिए भारत के मुख्य वैज्ञानिक के. विजय राघवन और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के साथ मिलकर काम कर रही है। इसके जांच परिणाम 30 सेकंड से कम समय में आ सकते हैं।
इजराइल के रक्षा मंत्रालय में ‘डायरेक्टरेट आफ डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट’ (डीडीआर एंड डी) की टीम अपने भारतीय समकक्षों के साथ मिलकर कई रैपिड नैदानिक समाधानों की प्रभावशीलता का पता लगाने के लिए ‘‘अंतिम चरण के परीक्षण’’ करेगी।
मलका ने कहा कि इजराइल की टीम विशेष विमान आज सुबह यहां पहुंची। उन्होंने कहा कि विशेष विमान से कोविड-19 से मुकाबले के लिए इजराइल में विकसित नवीनतम उपकरण भी लाये गए हैं। उन्होंने कहा, “हम इस विमान के जरिये उन्नत रेस्पीरेटर भी लाए हैं, जो इजराइल में निर्यात के लिए प्रतिबंधित हैं, लेकिन उन्हें भारत लाने के लिए छूट दी गई थी।’’


Download Android App
Download iOS App



