किसान परिवार की नाजुक हालत देख एक बार फिर पसीजा सोनू सूद का दिल,इस बार भेजा ट्रैक्टर

Summary :

कोरोना काल के मसीहा सोनू सूद लगातार लोगों की मदद करने से जरा भी चूक नहीं रहे हैं। हाल ही में एक्टर ने आंध्रप्रदेश के चित्तूर के एक और दिल जीत लेने वाला काम किया है।

कोरोना काल के मसीहा सोनू सूद लगातार लोगों की मदद करने से जरा भी चूक नहीं रहे हैं। हाल ही में एक्टर ने आंध्रप्रदेश के चित्तूर के एक और दिल जीत लेने वाला काम किया है। इस बार फिल्म अभिनेता ने आंध्र प्रदेश के एक किसान को घंटों के भीतर एक ट्रैक्टर भेज दिया है। 
दरअसल जैसे ही सोनू सूद को यह खबर हुई कि यह परिवार बैल किराए पर नहीं ले सकता इसलिए ये  किसान और पिता अपनी बेटियों का इस्तेमाल जुताई के लिए कर रहा है, तो एक्टर ने बिना वक्त गवाए किसान परिवार की मदद के लिए आगे आये। 
वीडियो हुआ वायरल 
किसान की बेटियों के कंधे पर बैल की तरह हल रखकर खेत की जुताई करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था, जिसके बाद सोनू सूद ने रविवार सुबह उनको यह वादा किया था कि परिवार को शाम तक ट्रैक्टर मिल जाएगा। वहीं आपने वादे को जल्दी ही पूरा कर अभिनेता ने यह सुनिश्चित किया कि ट्रैक्टर चित्तूर जिले के महालराजुवारी पल्ले गांव में इस किसान परिवार तक पहुंचे।
अभिनेता ने शनिवार रात को एक ट्वीट भी किया था कि रविवार सुबह तक किसान के पास बैलों की एक जोड़ी होगी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कल सुबह तक उनके पास खेतों की जुताई करने के लिए बैलों की एक जोड़ी होगी और लड़कियों को उनकी शिक्षा पर ध्यान देने दें। इसके बाद सोनू ने सुबह फिर से ट्वीट करके कहा यह परिवार बैल की एक जोड़ी के नहीं बल्कि एक ट्रैक्टर के लायक है। इसलिए आपको शाम तक एक ट्रैक्टर भेज दिया जाएगा जो आपके खेतों की जुताई करेगा।हमेशा खुश रहिए।

बता दें सोनू सूद के इस नेक कदम ने न सिर्फ इस किसान परिवार का दिल जीता बल्कि अन्य लोगों  का भी दिल जीत लिया। तभी तो चारों और उनके इस काम की खूब प्रशंसा हो रही है।
 
वहीं आंखों में आंसू भरकर किसान ने कहा,मुझे नहीं पता कि इस मदद के लिए मैं उन्हें कैसे धन्यवाद दूं। एक दिन पहले हमारे पास बैल किराए पर लेने के लिए पैसे नहीं थे और आज उन्होंने हमें ट्रैक्टर का मालिक बना दिया है।
इसके बाद टीडीपी नेता ने रविवार को जानकारी दी की वह राव की दोनों बेटियों की पढ़ाई का खर्चा  उठाएंगे और उन्हें उनके सपने पूरे करने में मदद करेंगे। इस बीच नायडू ने लिखा, सोनू सूद जी से बात की और चित्तूर जिले में नागेश्वर राव के परिवार के लिए ट्रैक्टर भेजने के उनके प्रेरक प्रयास के लिए उनकी सराहना की। परिवार की दुर्दशा के बारे में जानने के बाद मैंने दोनों बेटियों की शिक्षा का खर्च उठाने और उनके सपनों को पूरा करने में मदद करने का फैसला लिया है।
मालूम हो कि यह अभिनेता सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं बल्कि टॉलीवुड फिल्मों में भी काफी ज्यादा मशहूर है। जी हां सोनू सूद ने तेलुगु ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अरुंधति’ में खलनायक के रूप में एक अलग पहचान भी कायम की है। 

Desk Team