रूसी विश्वविद्यालय में ‘भयावह हमले’ में जान गंवाने वालों के प्रति विदेश मंत्री जयशंकर ने व्यक्त की संवेदना

Summary :

भारत ने रूस में एक सरकारी विश्वविद्यालय में ‘भयावह हमले’ में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

भारत ने रूस में एक सरकारी विश्वविद्यालय में ‘भयावह हमले’ में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मॉस्को में भारतीय दूतावास के अनुसार वहां पढ़ने वाले सभी भारतीय छात्र छात्राएं सुरक्षित हैं। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पर्म स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में सुबह की घटना पर मॉस्को में भारत के दूतावास के ट्विटर संदेश को अपनी ओर से भी जारी किया जिसमें कहा है कि वहां सभी भारतीय विद्यार्थी सुरक्षित है।
दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय अधिकारियों तथा वहां पढ़ रहे भारतीय विद्यार्थियों से संपर्क में है। ट्वीट में कहा गया है, ‘हम रूस में पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी में भयावह हमले से स्तब्ध हैं। लोगों की मौत पर हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’ ट्वीट में कहा गया है कि भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों और वहां भारतीय विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से बराबर संपर्क में है। दूतावास ने कहा है,‘पर्म स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थी सुरक्षित हैं।’ 

रूस से आ रही रिपोर्टों में पर्म शहर के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि एक बंदूकधारी ने सोमवार सुबह वहां विश्वविद्यालय में अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस हमले में कम से कम आठ लोगों के मारे जाने की जानकारी है। स्थानीय अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि हमलावर को काबू में कर लिया गया है। घटना के वीडिया फुटेज में हमले के समय कुछ लोगों को जान बचाने के लिए विश्वविद्यालय भवन की खिड़कियों से कूदते देखा जा सकता है।

Desk Team