जापान अक्सर प्राकृतिक आपदाओं के संकट से घिरा रहता है, ऐसे में जापान की सरकार वहां पर आने वाली आपदाओं से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहती है। ताजा मामला जापान की राजधानी टोक्यो के पश्चिम में मौजूद अतामी शहर में शनिवार को भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ, जिसमें कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने का दावा किया गया है। आला अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि इस आपदा में कम से कम 19 लोगों की लापता होने की खबर है।
अग्निशमन और आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक अतामी में 80 इमारतें गिर गयी। अधिकारी ने बताया कि मलबे के भीतर 100 लोगों के दबे होने की आशंका है। सरकारी प्रसारक ‘एनएचके’ ने लापता लोगों की संख्या 20 बतायी है लेकिन शिजुओका प्रांत के प्रवक्ता ताकामिची सुगियामा ने कम से कम 19 लोगों के लापता होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह संख्या बढ़ सकती है।
जापान के कुछ हिस्सों में इस हफ्ते की शुरुआत से मूसलाधार बारिश हो रही है। टीवी फुटेज में पर्वत की ओर मिट्टी घंसते और मकानों पर गिरते तथा अपने रास्ते में आयी कारों को बहाकर ले जाते हुए दिख रही है। ‘एनएचके’ के टीवी फुटेज में पुल के एक हिस्से को ढहते हुए दिखाया गया।
शिजुओका के गवर्नर हीता क्वाकत्सू ने संवाददाताओं को बताया कि भूस्खलन में दो लोग समुद्र की ओर बह गए। मृतकों की पहचान उजागर नहीं की गयी है। क्वाकत्सू ने मृतकों के प्रति संवेदना जतायी और कहा कि बचाव के लिए सारे कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान में दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ स्वरक्षा बल के कर्मी तथा केंद्र सरकार के अधिकारी भी जुटे हुए हैं।
प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने अपने मंत्रिमंडल की आपात बैठक बुलायी और कार्यबल को ऐसी आपदाओं से बचाव का निर्देश दिया। अतामी राजधानी तोक्यो से करीब 100 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित शिजुओका प्रांत में समुद्र के किनारे का एक रिजॉर्ट इलाका है।


Download Android App
Download iOS App



