खुद शुरू क‍िए युद्ध में अब अपनी ही हार देख रहा रूस: यूरोपियन कमीशन प्रेसिडेंट

Summary :

नई द‍िल्‍ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूक्रेन पर रूसी हमलों की आलोचना करते हुए कहा क‍ि दरअसल रूस अपने ही शुरू क‍िए युद्ध में अब खुद की हार देख रहा है। यही कारण है क‍ि वो आमजन और बुन‍ियादे ढांचे पर हमले कर रहा है। उन्‍होंने कहा क‍ि हम यूक्रेन की बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करने की क्षमता को मजबूत करने के ल‍िए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में ल‍िखा, ”रूस वह युद्ध हार रहा है, जिसे उसने खुद शुरू किया था।…

नई द‍िल्‍ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूक्रेन पर रूसी हमलों की आलोचना करते हुए कहा क‍ि दरअसल रूस अपने ही शुरू क‍िए युद्ध में अब खुद की हार देख रहा है। यही कारण है क‍ि वो आमजन और बुन‍ियादे ढांचे पर हमले कर रहा है। उन्‍होंने कहा क‍ि हम यूक्रेन की बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करने की क्षमता को मजबूत करने के ल‍िए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में ल‍िखा, ”रूस वह युद्ध हार रहा है, जिसे उसने खुद शुरू किया था। इसके जवाब में वह आम लोगों और नागरिक सुविधाओं को निशाना बना रहा है। हम सदस्य देशों और अपने साझेदारों के साथ मिलकर यूक्रेन की बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करने की क्षमता को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं, ताकि यूक्रेन के पास लोगों की जान बचाने के लिए जरूरी साधन मौजूद हों। फिलहाल, यही हमारी सबसे बड़ी और सबसे जरूरी प्राथमिकता है।”

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया क‍ि बुधवार रात रूस ने बहुत बड़ा हमला क‍िया। रूस लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहा था और उसने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन जैसे अलग-अलग हथियारों का एक साथ इस्तेमाल किया, ताकि नागरिक बुनियादी ढांचे को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। कीव और उसके आसपास के इलाके, साथ ही ओडेसा और चेर्निहीव क्षेत्रों में काफी नुकसान हुआ है।

जेलेंस्‍की ने बताया क‍ि राजधानी कीव में कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। इनमें एक ऊंची इमारत भी शामिल हैं, जिसकी ऊपरी मंजिलें पूरी तरह तबाह हो गईं। इसके अलावा, एक बच्चों का अस्पताल और एक स्कूल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है।

फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस रूसी हमले में कीव में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि आसपास के क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान गई है। पीड़ितों के परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। करीब 40 अन्य लोग घायल हुए हैं।

उन्‍होंने कहा क‍ि ओडेसा क्षेत्र में दुश्मन ने मोल्दोवा की सीमा पर स्थित एक बॉर्डर क्रॉसिंग पर ड्रोन हमला किया, जबकि चेर्निहीव क्षेत्र में गैस से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।

राष्‍ट्रपत‍ि जेलेंस्‍की ने कहा, ”मैं उन सभी बचावकर्मियों, डॉक्टरों, पुलिसकर्मियों और बिजली-पानी जैसी सेवाएं बहाल करने वाले कर्मचारियों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने पहले ही पल से लोगों की मदद की।”

उन्‍होंने कहा क‍ि दुर्भाग्य से, जब मॉस्को बैलिस्टिक मिसाइलों और सैन्य तनाव बढ़ाने में निवेश कर रहा है, तब ऐसे हमलों पर दुनिया की प्रतिक्रिया हमेशा उतनी मजबूत नहीं होती जितनी होनी चाहिए। जब तक यूक्रेन के पास पर्याप्त एंटी-बैलिस्टिक रक्षा प्रणाली नहीं होगी, तब तक रूस शांति को गंभीरता से नहीं लेगा।

जेलेंस्‍की ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि हमें यह सुरक्षा मिले, और ‘फ्रेया’ कार्यक्रम पर हर दिन काम जारी है। फिलहाल पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का कोई विकल्प नहीं है, और उनकी हमें हर दिन जरूरत पड़ती है। हर अतिरिक्त मिसाइल हमारे लोगों की जान बचाने में मदद करती है। मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जो इस बात को समझते हैं और यूक्रेन की मदद के लिए रास्ते तलाश रहे हैं तथा मदद उपलब्ध करा रहे हैं।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.