विमान के पट्टे की बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर मलेशियाई अधिकारियों द्वारा जब्त किए गए पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की उड़ान की क्रू टीम के 18 सदस्यों के सोमवार को इस्लामाबाद पहुंचने की उम्मीद है। विमान को मलेशिया के एक स्थानीय कोर्ट के आदेश पर 15 जनवरी को कुआलालंपुर हवाईअड्डे पर जब्त किया गया था।
पाकिस्तानी ध्वजवाहक ने 2015 में वियतनामी कंपनी से बोइंग-777 सहित दो विमान पट्टे पर लिए थे। द डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जब्त किए गए विमान के सभी 172 यात्री दो विमानों के माध्यम से इस्लामाबाद पहुंच गए। प्रवक्ता के अनुसार, अमीरात एयरलाइंस की उड़ान में 118 यात्री आए थे, जबकि बाकी 54 यात्री रविवार सुबह कतर एयरवेज की उड़ान में इस्लामाबाद पहुंचे।
वहीं सोमवार को पाकिस्तानी राजधानी पहुंचने वाले 18 सदस्यीय क्रू टीम में दो पायलट शामिल हैं। डॉन न्यूज रिपोर्ट ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि स्थिति की समीक्षा के लिए देश के विमानन विभाग ने बुधवार को विमानन विभाग के वरिष्ठ संयुक्त सचिव अब्दुल सत्तार खोखर की अध्यक्षता में कार्यकारी समूह की बैठक बुलाई है।


Download Android App
Download iOS App



