मेलबर्न, 7 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी में भारतीय समुदाय जुटा हुआ है। कार्यक्रम स्थल ‘मार्वल स्टेडियम’ में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने का अनुमान है। वहीं दौरे से पहले प्रवासी भारतीयों ने उनकी दीर्घायु और सफल यात्रा की कामना के लिए हवन का आयोजन किया। आईएएनएस से बात करते हुए उत्साही जनों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों, मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), शिक्षा, वीजा और व्यापार को लेकर उम्मीदें व्यक्त कीं।
30 साल से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे राकेश रायजादा ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तित्व ऐसा है कि लोग स्वतः उनकी ओर आकर्षित हो जाते हैं। पीएम मोदी 140 करोड़ भारतीयों की बात करते हैं, और उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। हमने हवन भी यही सोच कर किया कि भले हम यहां उनके लिए पूजा कर रहे हैं, लेकिन इसका असर पीएम मोदी पर जरूर होगा। वो अच्छे काम कर रहे हैं; वो ऐसा करते रहें और स्वस्थ रहें। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), इंडो-पैसिफिक सहयोग, और भारतीय छात्रों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति होगी।”
2006 में बतौर टेक्सटाइल टेक्नोलॉजिस्ट मेलबर्न आए संजीव कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए हवन कराया गया। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने न केवल ऑस्ट्रेलिया, बल्कि दुनिया भर में भारत की छवि को मजबूत किया है। उम्मीद है कि भारतीयों के लिए वीजा और अन्य व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की दिशा में भी पहल होगी।”
भूषण लाल शर्मा विजिटर वीजा पर वहां पहुंचे हैं। वह सौभाग्य मानते हैं कि इस दौरान उन्हें पीएम मोदी के दर्शन होंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुनने के लिए अपने परिवार के साथ टिकट बुक करा ली है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हजारों लोगों को टिकट जारी किए गए हैं, और वह इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।
पति के साथ वर्षों पहले ऑस्ट्रेलिया आईं सपना का मानना है कि पीएम मोदी के सत्ता में आने के बाद भारतीयों का पूरी दुनिया में मान बढ़ा है। उनके अनुसार, “आज ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों को पहले की तुलना में कहीं अधिक सम्मान मिलता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और इसका सकारात्मक प्रभाव विदेशों में रहने वाले भारतीयों पर भी पड़ा है। जिस पीएम ने हमारा इतना मान बढ़ाया, भला उसको लेकर उत्साहित हम क्यों न होंगे?”
भारत के उत्तराखंड से वास्ता रखने वाले योगेश भट्ट पिछले 12 वर्षों से मेलबर्न में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अपना लिखा हुआ ‘नमो-नमो’ गीत प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा, “यह किसी व्यक्ति का महिमामंडन नहीं, बल्कि भारत की चेतना और आत्मविश्वास का उत्सव है।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना स्वामी विवेकानंद से करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत की आत्मा को नई ऊर्जा दी है।
नन्ही चार्वी भट्ट के लिए भी वो पल भावुक और अविस्मरणीय होगा जब वो अपने देश के पीएम को पराए देश में देखेंगी। उन्होंने कहा, “सिडनी में प्रधानमंत्री से नहीं मिल पाई थीं, लेकिन अब मेलबर्न में उनसे मिलने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। यदि उन्हें मिलने का अवसर मिला तो प्रधानमंत्री को भारत का सम्मान बढ़ाने के लिए धन्यवाद दूंगी।”
बतौर छात्र चार साल पहले ऑस्ट्रेलिया आए संकल्प को उम्मीद है कि अब वर्क वीजा को लेकर और सकारात्मक बदलाव होंगे। पीएम को देखने की लालसा है। पिछले चार वर्षों से मेलबर्न में रह रहे इस युवक ने बताया कि मार्वल स्टेडियम में होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 30 से 35 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। बोले, “मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने का मुझे मौका मिलेगा।”
उन्हें भी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में व्यापार, रोजगार, वर्क वीजा और भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई दिशा देने वाले मुद्दों पर बात करेंगे।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























