पाकिस्तान में हुए आम चुनाव और उसके परिणामों की घोषणा के बाद नेशनल असेंबली में पूर्व पीएम नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) 75 सीटें जीत कर तकनीकी रूप से सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इस बीच, असेंबली में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं होने के कारण PML-N गठबंधन की सरकार बनाने में जुटी हुई है। वहीं, पार्टी को पांच और निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन मिल गया है।
Highlights
- PML-N को मिला 5 और निर्दलीय सदस्यों का साथ
- मुस्लिम लीग-नवाज ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
- कुल निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या अब छह हुई
PML-N को मिला 6 निर्दलीय उम्मीदवारों का साथ
पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के नेतृत्व वाली पार्टी में सभी पांच सदस्यों ने सोमवार को शामिल होने का फैसला किया। मालूम हो कि कि एक दिन पहले इमरान खान की तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) द्वारा समर्थित एक निर्दलीय उम्मीदवार ने पीएमएल-एन में शामिल हो गया था। वहीं, इन पांच सदस्यों के PML-N में शामिल होने के बाद पार्टी को समर्थन करने वाले कुल निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या अब छह हो गई है।
इन नेताओं ने की नवाज शरीफ से मुलाकात
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि पूर्व पीएम नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ से निर्दलीय नवनिर्वाचित सदस्यों के रूप में सरदार शमशीर मजारी, इमरान अकरम, सोहेल खान, खिज्र हुसैन मजारी और साहिबजादा मोहम्मद गाजिन अब्बासी ने मुलाकात की है। पार्टी ने अपने पोस्ट में कहा कि सभी सदस्यों ने नवाज शरीफ के नेतृत्व में विश्वास जताया और PML-N में शामिल होने के अपने फैसले की घोषणा की।


Download Android App
Download iOS App



