वेलिंगटन : न्यूजीलैंड के एक नागरिक ने यह स्वीकार किया कि पिछले महीने किसी खुफिया सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिये दक्षिण प्रशांत देश की यात्रा पर आये एफबीआई के पूर्व निदेशक जेम्स कोमी को उसने ऑनलाइन जान से मारने की धमकी दी थी।
‘फेयरफैक्स एनजेड’ की रिपोर्ट में आज कहा गया कि फ्रैंक स्टीवार्ट मैकलीन ने कोमी को चेतावनी दी थी कि वह न्यूजीलैंड से ”ताबूत” में लौटेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नाटकीय रूप से कोमी को एफबीआई निदेशक पद से हटा दिया।
अदालत के दस्तावेजों का हवाला देते हुए इसमें कहा गया है कि मैकलीन ने वेलिंगटन दूतावास के फेसबुक पेज पर एक पोस्ट कर अमेरिकी दूतावास को बम से उड़ाने की भी धमकी दी थी, जिसके बाद दूतावास को खाली करवा लिया गया था।
एक संदेश में उसने कहा, ”एफबीआई निदेशक..। इस देश से जिंदा नहीं लौटेंगे।” उसने लिखा, ”बैठक में घुसपैठ हो चुकी है क्योंकि बैठक के आसपास किसी ने बम रख दिया है।” अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ होने वाली खुफिया साझा नेटवर्क ”फाइव आइज” की बैठक के लिये कोमी न्यूजीलैंड में थे।
एनजेडएमई की रिपोर्ट के अनुसार 32 वर्षीय मैकलीन ने रोटोरऊआ डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में अपनी गलत बयानबाजी के लिये अपना जुर्म कबूल लिया।
न्याय विभाग ने बताया कि मैकलीन इसके बाद सात जून को अदालत में पेश होगा, तब उसे सजा सुनाये जाने की उम्मीद है, जिसके लिये उसे अधिकतम सजा तीन महीने की जेल या 2,000 न्यूजीलैंड डॉलर (1,380 डॉलर) का जुर्माना लगाया जा सकता है।
– एएफपी


Download Android App
Download iOS App


