कनाडा में निज्जर हत्याकांड मामला : गैंगस्टर गोल्डी बरार ने ली जिम्मेदारी, लीक ऑडियो से हुआ खुलासा

Summary :

कनाडा में मारे गए खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बरार के एक लीक ऑडियो में निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी कबूलने से मामले में नया मोड़ आ गया है।

Goldy Brar

Goldy Brar : कनाडा में जून 2023 को मारे गए भारत के वांछित खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की गुत्थी में बड़ा मोड़ आ गया है। गैंगस्टर गोल्डी बरार ने लीक हुए एक ऑडियो क्लिप में इस हत्याकांड की जिम्मेदारी कबूल की है।

यूके स्थित खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बातचीत के इस ऑडियो में गोल्डी बरार ने दावा किया कि निज्जर कम उम्र के लड़कों से जबरन मादक पदार्थों की तस्करी करवा रहा था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

अमेरिका-कनाडा में जांच तेज

यह ऑडियो क्लिप ऐसे वक्त सामने आई है जब हाल ही में अमेरिका और कनाडा की एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट्स के खिलाफ ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ चलाकर जांच तेज की है। सूत्रों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों ने ऑडियो में मौजूद आवाज गोल्डी बरार की होने की पुष्टि की है।

ऑडियो में गोल्डी बरार यह कहता हुआ सुना जा सकता है कि निज्जर पंजाब से लेकर विदेशों तक 16-17 साल के युवाओं को ब्लैकमेल कर ड्रग्स और हथियारों के धंधे में धकेल रहा था। सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस का मुख्य आरोपी गोल्डी बरार भारत में लंबे समय से वांछित है और इस वक्त लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क के साथ मिलकर उत्तरी अमेरिका से अपना आपराधिक सिंडिकेट चला रहा है।

3 साल पहले हुई थी हत्या

18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में स्थित गुरुद्वारे के बाहर 45 वर्षीय निज्जर को गोलियों से भून दिया गया था। इस घटना के बाद तत्कालीन कनाडाई सरकार ने बिना किसी सबूत के भारत पर अनर्गल आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत ने सिरे से खारिज कर दिया था।

कनाडाई जांच एजेंसियों (RCMP) ने भी हालिया बयानों में यह साफ किया था कि इस मामले में भारत सरकार की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है, बल्कि यह एक गैंगवॉर का नतीजा था। अब गोल्डी बरार की इस कथित कुबूलियत ने पूरी जांच को एक नए आपराधिक कोण पर ला खड़ा किया है।

यह भी पढ़ें – विदेश मंत्री जयशंकर की रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात, पुतिन ने कहा- ‘पीएम मोदी से मिलने के लिए उत्सुक हूं’

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।