अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के हाल के कम दूरी के मिसाइल परीक्षण पर उसके बयान को तवज्जो ना देते हुए कहा कि यह दक्षिण कोरिया के संदर्भ में था. अमेरिका के संदर्भ में नहीं। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने बृहस्पतिवार को अपनी निगरानी में दो मिसाइलों के परीक्षण को दक्षिण कोरिया के लिए ‘‘गंभीर चेतावनी’’ बताया। उन्होंने अमेरिका के साथ दक्षिण कोरिया के नियोजित सैन्य अभ्यासों को लेकर यह चेतावनी दी।
किम के साथ अपने रिश्ते सुधारने के लिए अथक प्रयास करने वाले ट्रंप इस परीक्षण से बेफिक्र दिखाई दिए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘उन्होंने अमेरिका को चेतावनी नहीं दी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके अपने विवाद हैं, उन दोनों के अपने मतभेद हैं।’’ उन्होंने उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया का जिक्र किया जिन्होंने 1950-1953 तक युद्ध लड़ा। इसमें अमेरिका ने दक्षिण कोरिया की तरफ से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ट्रंप ने कम दूरी की मिसाइलों को ‘‘काफी साधारण-सा’’ बताया। अमेरिका के आसपास कोई भी स्थान मिसाइलों के जद में नहीं है। ये मिसाइलें सहयोगी देश दक्षिण कोरिया और सीमा के समीप अमेरिका के बड़े सैन्य अड्डों तक तक आसानी से पहुंच सकती हैं। ट्रंप ने कहा, ‘‘किम के साथ मेरे रिश्ते बहुत अच्छे हैं। हम देखेंगे क्या होता है।’’


Download Android App
Download iOS App



