प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर एक दिवसीय दौरे के लिए नेपाल में मौजूद है। भगवान बुद्ध की जन्मभूमि लुम्बिनी पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देऊबा ने भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी लुम्बिनी में बनाए गए विशेष हैलीपेड पर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से पहुंचे। हेलीपैड पर नेपाली प्रधानमंत्री देऊबा एवं उनकी पत्नी मौजूद थीं।
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लुंबिनी में महामाया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की, जहां उनके साथ नेपाल के पीएम देऊबा भी मौजूद रहे। यह मंदिर भगवान बुद्ध का जन्मस्थान है। प्रधानमंत्री ने भगवान बुद्ध की 2566वीं जयंती पर आयोजित एक विशेष पूजा में भाग लिया।

मंदिर में लामाओं ने दोनों प्रधानमंत्रियों एवं श्रीमती देऊबा को अंगवस्त्र पहना कर स्वागत किया। वहीं पीएम मोदी और पीएम देऊबा ने लामाओं को भेंट अर्पित की। बाद में मोदी ने मंदिर के बाहर बने विशेष कुंड एवं बगीचे के दर्शन किये और वर्ष 2015 में उनके द्वारा दिए गए बोधिवृक्ष के पौधे के पास गये और उसका जलसिंचन किया।
उल्लेखनीय है कि इस मंदिर के समीप 2013 में एक पुरातात्विक उत्खनन में 550 ईसा पूर्व से पहले के एक वृक्ष मंदिर के अवशेष मिले हैं जिसे बौद्ध संरचनाओं का प्रथम प्रमाण और भगवान बुद्ध के जीवन के पहले साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। मायादेवी मंदिर की सबसे पहले 1896 में खड्ग शमशेर राणा और अंग्रेत्र अधिकारी एंटनी फुदेर ने खोज की थी। इसके बाद केशव शमशेर राणा ने 1939 में इसका निर्माण कराया और 2003 में लुम्बिनी विकास ट्रस्ट ने इसका जीर्णोद्धार कराया था।


Download Android App
Download iOS App



