प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां जी-20 शिखर सम्मेलन के शुक्रवार को शुरू होने से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे से बातचीत की।
मोदी, ट्रंप और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के बीच शुक्रवार को पहली त्रिपक्षीय बैठक से पहले यह संक्षिप्त बातचीत हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार द्वारा ट्वीट की गई तस्वीर में मोदी, ट्रंप से हाथ मिलाते हुए और बात करते हुए देखे गए। प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से भी बातचीत की।
PM मोदी ने जी-20 सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में जनधन, मुद्रा, स्टार्ट अप इंडिया योजनाओं का किया जिक्र
कुमार ने पुतिन, इटली के प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंते और ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ मोदी की बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘लीडर्स लाउंज में रूस, इटली और ब्रिटेन के नेताओं से बात हुई।’’
मोदी ने चिली के राष्ट्रपति सेबस्टियन पिनेरा से भी मुलाकात की और उनके साथ कारोबार, ऊर्जा, कृषि और स्वास्थ्य जैसे परस्पर हित के कई क्षेत्रों में सहयोग बढाने के तरीकों पर चर्चा की। बाद में, मोदी ने अन्य वैश्विक नेताओं के साथ ‘जी20 अर्जेंटीना परिवार’ तस्वीर खिंचवाई।
इससे पहले, मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, सऊदी अरब के वली अहद मोहम्मद बिन सलमान और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस से अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें की।


Download Android App
Download iOS App




