वाशिंगटन : अमेरिका ने कहा है कश्मीर घाटी में स्थित खीर भवानी मंदिर की प्रतिकृति अटलान्टा में तैयार की जाएगी। मीडिया को जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि कश्मीरी समुदाय के लोगों ने खीर भवानी मंदिर की प्रतिकृति के निर्माण के लिए 20,000 डॉलर की राशि जुटाई है। अमेरिका में यह अपनी तरह का पहला मंदिर होगा।
कश्मीर ओवरसीज एसोसिएशन (केओए) के वास्तुविद तेज कौल ने बताया कि खीर भवानी मंदिर की प्रतिकृति के डिजाइन एवं इसकी योजना पर काम जारी है। यह अटलान्टा स्थित शिव मंदिर के 11.4 एकड़ परिसर में बनाया जाएगा। कौल ने बताया कि कश्मीर में यह मंदिर सीप में रखे मोती की तरह चमकता है। यह संगमरमर के मंच पर बना है और अंदर प्रतिमाएं रखी हैं। मंदिर के मध्य में संगमरमर की छतरी भी है। अटलान्टा में बसे कश्मीरियों को उम्मीद है कि ऐसा ही भव्य मंदिर उनके यहां भी तैयार
होगा।
मंदिर के निर्माण के लिए समुदाय ने एक चैरिटी रात्रि भोज के दौरान राशि एकत्र की। रात्रि भोज में सूफी गायक पंडित धनंजय कौल ने प्रस्तुति दी थी। अटलान्टा में भारत के उप वाणिज्य दूत डी वी सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे। कश्मीरी समुदाय के नेता सुभाष राजदान ने इस मौके पर संक्षिप्त अभ्यावेदन दिया।


Download Android App
Download iOS App





