पाम बीच : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि संघीय कानून पर हमला करने वाला विवादित ज्ञापन 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में कथित रूसी दखल की जांच में उनके निर्दोष होने की पुष्टि करता है। श्री ट्रंप ने फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित अपने रिसार्ट से ट््वीट कर यह बात कही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यह ज्ञापन उन्हें इस मामले में पूरी तरह से निर्दोष साबित करता है। इस विवादित ज्ञापन का समर्थन कर श्री ट्रंप ने विशेष वकील राबर्ट मुलर और डिप्टी अटॉर्नी जनरल रॉड रोसेनस्टाइन को बर्खास्त करने के संकेत दिये हैं।
इससे पहले कल व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने वक्तव्य जारी कर कहा कि डिप्टी अटॉर्नी जनरल रॉड रोसेनस्टाइन को बर्खास्त करने के विषय में कोई चर्चा नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी कांग्रेस ने एक विवादित ज्ञापन को सार्वजनिक कर दिया है जिसमें एफबीआई और अमेरिकी न्याय विभाग पर अपनी शक्ति का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया है। यह मामला 2016 में हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूस के कथित हस्तक्षेप के संबंध में श्री ट्रंप की जांच से जुड़ा है।
इस ज्ञापन को रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने तैयार किया है और इसमें कथित तौर पर 2016 में श्री ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान खुफिया निगरानी से संबंधित जानकारी शामिल होने की बात कही गई है। गौरतलब है कि रिपब्लिकन कांग्रेस सदस्यों द्वारा लिखे गए इस विवादित ज्ञापन पर पिछले कुछ दिनों से विवाद जारी है। एफबीआई समेत न्याय विभाग, विपक्षी डेमोक्रेट््स और कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने इसके सार्वजनिक करने को लेकर विरोध जताया था।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



