वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की किडनी का सफल ऑपरेशन किया गया और फिलहाल वह मैरीलैंड के अस्पताल में ही स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, मेलानिया की सोमवार (14 मई) को बेथेस्डा के वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में सर्जरी हुई थी. मेलानिया के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ”मेलानिया ट्रंप की किडनी संबंधी दिक्कतों की वजह से उनकी सर्जरी हुई थी। वह इस सप्ताह अस्पताल में ही रह सकती हैं।”
प्रथम महिला मेलानिया की प्रवक्ता ने हालांकि उनकी सेहत के बारे में अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया. मेलानिया की प्रवक्ता स्टेफनी ग्रिशम ने पोस्ट को बताया,”वह ठीक हैं।” मेलानिया के प्रवक्ता ने बताया कि उपचार प्रक्रिया सफल रही और कोई जटिलता पैदा नहीं हुई।
मेलानिया ट्रंप ने मंच ‘बी बेस्ट’ की शुरुआत की
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने बीते 7 मई को अपने आधिकारिक मंच ‘बी बेस्ट’ की शुरुआत की थी। ‘बी बेस्ट’ एक व्यापक कार्यक्रम है जो सर्व कल्याण, मादक पदार्थ की लत से जंग और सोशल मीडिया पर सकरात्मकता पर ध्यान केंद्रित करेगा। सीएनएन ने सोमवार (7 मई) को रोज गार्डन सम्मेलन के दौरान मेलानिया के हवाले से कहा, ”एक मां और प्रथम महिला के रूप में, मुझे आज इस बात को लेकर चिंता होती है कि तेजी से विकसित होते समाज और आपस में जुड़ी दुनिया में बच्चे अपनी भावनाओं को व्यक्त या प्रबंधित करने के लिए कम तैयार हैं। इस वजह से वे कई बार नशे की लत, धमकाने और यहां तक कि आत्महत्या जैसे रूपों में खुद को व्यक्त कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि वयस्क के रूप में हमें हमारे बच्चों को एक स्वस्थ और संतुलित जिंदगी के महत्व के बारे में शिक्षित करना चाहिए और हम यह कर सकते हैं।” व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में उन्होंने अपने 10 मिनट के भाषण में कल्याण, स्वस्थ जीवन अपनाने, नशे की लत समेत कई मुद्दों पर बात की।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ ।


Download Android App
Download iOS App


