सुषमा की लताड़ से बौखलाया पा‌किस्तान, UN में उठाया कश्मीर मुद्दा

Summary :

NULL

भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के लिए पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। सुषमा स्‍वराज के इस हमले से बौखलाए पाकिस्‍तान ने यूएन में कश्‍मीर का मुद्दा उठा दिया।उन्होने कहा कश्मीर एक  अनसुलझा विवाद है जो भारत और पाकिस्तान के बीच स्थायी शांति हासिल करने पर असर डाल रहा है।

दरअसल, पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि कश्मीर मुद्दा 70 साल से इंसानियत पर दाग है और यह अनसुलझा विवाद भारत और पाकिस्तान के बीच स्थायी शांति हासिल करने पर असर डाल रहा है। भारत को गीदड़भभकी देते हुए कुरैशी ने कहा, ‘भारत हमारे सब्र का इम्तिहान ना ले। भारत ने हमले की गलती की तो उसे नतीजा भुगतना होगा। हम पाकिस्तान की संप्रभुता से समझौता नहीं करेंगे।’

महासभा बैठक से इतर विदेश मंत्री स्तर की वार्ता रद्द किए जाने पर कुरैशी ने कहा, ‘पाकिस्तान भारत के साथ सभी मुद्दों पर बातचीत करना चाहता था लेकिन भारत ने शांति पर राजनीति को तरजीह देते हुए वार्ता रद्द कर दी। उन्होंने कुछ महीने पहले जारी डाक टिकटों को बहाना बनाया।’ कुरैशी ने कहा, ‘दक्षिण एशिया में लंबे समय से लंबित मुद्दों का समाधान करने के लिए बातचीत एकमात्र रास्ता है और इसने क्षेत्र को अपनी असली क्षमता को साकार करने से रोक रखा है।’

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज द्वारा सार्क मीटिंग में भाषण देने के बाद निकल जाने और बाद में वार्ता रद्द करने से बौखलाए पाकिस्तानी विदेश मंत्री कुरैशी ने कहा, ‘भारत- पाक के बीच यह मीटिंग विभिन्न मुद्दों पर बातचीत के लिए अच्छा अवसर हो सकती थी लेकिन रवैये के चलते भारत सरकार ने तीसरी बार यह मौका गंवा दिया।’


गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए सुषमा स्वराज ने कहा कि भारत अपने पड़ोसी पाकिस्तान के आतंकवाद से पीड़ित है। आज आतंकवाद का राक्षस कहीं धीमी गति से तो कहीं तेज गति से हर जगह पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादी घटना को अंजाम देने में ही माहिर नहीं है, बल्कि इसको छिपाने में भी माहिर है. दुनिया ने पाकिस्तान का सही चेहरा पहचान लिया है।

सुषमा स्वराज ने कहा कि आंतकवाद के वातावरण में पाकिस्तान से बातचीत मुमकिन नहीं है। विश्व के इनामी आतंकी पाकिस्तान में सेनानी कहे जाते हैं।विदेश मंत्री ने कहा कि मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद खुलेआम पाकिस्तान में रैलियां कर रहा है और भारत को धमकी दे रहा है। पाकिस्तान उस पर कार्रवाई करने की बजाय उसको संरक्षण दे रहा है।

Desk Team