नई दिल्ली: अलवर में पहलू खान नाम के व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या मामले के गवाहों पर अज्ञात लोगों द्वारा कथित रूप से गोली चलाने का मामला सामने आया है। इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पहलू खान की पिछले साल ‘पीट-पीटकर हत्या’ कर दी गई थी। पहलू खान के बेटे इरशाद ने नीमराणा पुलिस थाने में इस संबंध में एक शिकायत दर्ज करवाई है जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अलवर पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि गवाहों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के सत्यापन के लिये जांच शुरू कर दी गई है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, मृतक पहलू खान के पुत्र इरशाद और आरिफ सहित छह लोग और उनके वकील बहरोड की एक अदालत में पीट-पीटकर हत्या मामले में गवाही देने जा रहे थे तभी एक बिना नंबर प्लेट वाली एसयूवी में सवार अज्ञात लोगों ने उन पर गोली चलाई और भाग गये। वहीं पुलिस महानिरीक्षक (जयपुर रेंज) वी के सिंह ने बताया कि पहलू खान प्रकरण में गवाही के दौरान आते समय गवाहों पर हमले की शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। सभी गवाहों को मांगने पर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। सिंह ने बताया कि गवाहों पर हमले की सूचना प्राप्त होते ही गवाहों को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की पेशकश की गई।
गवाह अदालत जाने की बजाए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और उन्होंने पुलिस अधीक्षक को उन पर गोली चलाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने एक बयान में कहा कि पहलू खान मामले में आरोप पत्र में पहले नंबर पर दर्ज आरोपी विनीत यादव की जमानत रद्द कराने के लिए कार्रवाई पहले ही शुरू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अलवर ने जिला कलेक्टर व जिला न्यायाधीश से जिला स्तरीय निगरानी समिति में इस मामले पर दैनिक आधार पर सुनवाई करने का आग्रह किया था और अब दैनिक आधार पर ही सुनवाई हो रही है।


Download Android App
Download iOS App



