T. Raja Singh Case : पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर पाकिस्तान ने सिंह की निंदा की

Summary :

पाकिस्तान ने भारत सरकार से मुस्लिमों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ तत्काल और निर्णायक कार्रवाई करने की भी मांग की।

पाकिस्तान ने भाजपा के निलंबित विधायक टी. राजा सिंह द्वारा पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी की बुधवार को निंदा की। साथ ही उसने भारत सरकार से  मुस्लिमों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ तत्काल और निर्णायक कार्रवाई करने की भी मांग की। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने यहां जारी बयान में कहा कि गत तीन महीने में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा पैगंबर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का यह दूसरा मामला है।कार्यालय ने कहा, ‘‘इन अति अपमानजनक टिप्पणियों से पाकिस्तान के लोगों समेत पूरी दुनिया के करोड़ों मुस्लिमों की भावनाएं आहत हुई हैं।’’
सिंह की रिहाई को बताया बेहद निंदनीय 
बयान में कहा गया कि भाजपा द्वारा राजा सिंह के खिलाफ की गई ‘‘प्रतीकात्मक और हल्की अनुशासनात्मक कार्रवाई’’ भारत और पूरी दुनिया के मुसलमानों की पीड़ा और आक्रोश को शांत नहीं कर सकती।पाकिस्तान के विदेश विभाग ने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि सिंह को कुछ घंटों के भीतर ही जमानत पर रिहा कर दिया गया।गौरतलब है कि सिंह ने कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी जिसकी वजह से उन्हें मंगलवार को हैदराबाद में गिरफ्तार किया गया था। भाजपा ने पार्टी संविधान का ‘उल्लंघन’ करने के आरोप में सिंह को निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Desk Team