तालिबान के एक प्रवक्ता ने जर्मनी के एक अखबार से कहा कि उनका संगठन जर्मनी के साथ कूटनीतिक रिश्ते बनाना चाहता है। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने साप्ताहिक अखबार वेल्ट एम सोनताग से कहा, ‘‘हम जर्मनी के साथ मजबूत और आधिकारिक कूटनीतिक रिश्ते चाहते हैं।’’
अखबार ने रविवार को खबर प्रकाशित की कि तालिबान को जर्मनी से वित्तीय सहयोग और अफगानिस्तान की स्वास्थ्य प्रणाली, शिक्षा तथा कृषि के संबंध में मानवीय सहायता एवं सहयोग की भी उम्मीद है।
जर्मन सरकार ने तालिबान के साथ आधिकारिक संबंध बनाने के बारे में अभी फैसला नहीं लिया है। अखबार के अनुसार, मुजाहिद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जर्मनी ने जंग में अमेरिकियों का साथ दिया लेकिन अब उस बात को भुला दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



