थनबर्ग की विश्व से अपील, कहा- भारत में चल रहा कोरोना संकट हृदयविदारक, मदद के लिए आगे आए सभी देश

Summary :

पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने वैश्विक समुदाय से आगे आने और भारत को संकट से बाहर निकालने में मदद करने की अपील की है।

भारत में हर दिन कोरोना महामारी का कोई ना कोई नया रिकॉर्ड बन रहा है और देश को मुश्किल हालातों में डाल रहा है। इस बीच भारत में चल रहे किसान आंदोलन के दौरान अपने ट्वीट की वजह से चर्चा में रहीं क्लाइमेट चेंज एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग की कोरोना महामारी के प्रकोप कोलेकर भी प्रतिक्रिया आई है। पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने वैश्विक समुदाय से आगे आने और भारत को संकट से बाहर निकालने में मदद करने की अपील की है। थनबर्ग ने कहा कि भारत में चल रहा कोरोना वायरस संकट ‘हृदयविदारक’ है। 
18 वर्षीय क्लाइमेट चेंज एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया, ‘भारत में हाल के घटनाक्रमों को देखकर दिल दुखी है। विश्व समुदाय को आगे आकर तुरंत मदद करना चाहिए।’ अपने ट्वीट के साथ, थनबर्ग ने भारत के मौजूदा स्वास्थ्य संकट के बारे में एक समाचार रिपोर्ट साझा की है, जिसमें देश में हर दिन 3 लाख से अधिक मामलों की बात कही गई है। पिछले एक सप्ताह से भारत में कोरोना वायरस की बड़ी छलांग देखने को मिली है और इसी की वजह से दिल्ली समेत देशभर में ऑक्सीजन, बेड और रेमडेसिविर को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। हर दिन ऑक्सीजन की कमी की वजह से मौतें हो रही हैं। 

वहीं, देश में कोरोना की दूसरी लहर हर दिन अपने ही बनाए रिकॉर्ड तोड़ रही है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, शनिवार रात 12 बजे तक कोरोना के 349,313 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,69,51,621 पर पहुंच गए, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 26 लाख से अधिक हो गई है। देश में लगातार 3-4 दिनों से कोरोना के 1 दिन में 3 लाख से अधिक मामले आ रहे हैं। वहीं, 1 दिन में 2,760 संक्रमितों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,92,309 हो गई है।

Desk Team