ब्रिटेन ने भारत आने वाले नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श किया अद्यतन

Summary :

ब्रिटेन सरकार ने भारत के लिए अपना यात्रा परामर्श अद्यतन कर ब्रिटिश नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे सतर्क रहें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से

ब्रिटेन सरकार ने भारत के लिए अपना यात्रा परामर्श अद्यतन कर ब्रिटिश नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे सतर्क रहें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें। सबरीमला स्थित अयप्पा मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर केरल में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद यह यात्रा परामर्श जारी किया गया है।

दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा को लेकर नियमित तौर पर अपने परामर्श को अद्यतन करने वाले विदेशी एवं राष्ट्रमंडल कार्यालय (एफसीओ) ने शुक्रवार को कहा कि केरल की यात्रा की योजना बना रहे ब्रिटिश नागरिकों को मीडिया में आने वाली खबरों पर नजर रखनी चाहिए।

BJP का आरोप : सबरीमला में हिंसा केरल सरकार ने भड़काई

एफसीओ ने अपने परामर्श में कहा, ‘‘सबरीमला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के मुद्दे पर केरल में कस्बों एवं शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों के मद्देनजर कुछ लोक सेवाएं बाधित हुई हैं।’’

परामर्श के मुताबिक, ‘‘यदि आप केरल में हैं या वहां की यात्रा करने वाले हैं तो आपको मीडिया में आने वाली खबरों पर करीबी नजर रखनी चाहिए, सतर्क रहना चाहिए और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करना चाहिए।’’

एफसीओ के शेष यात्रा परामर्श में कुछ खास बदलाव नहीं हुआ। इसमें भारत की यात्रा करने वालों से आग्रह किया गया है कि वे प्रदर्शनों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें, स्थानीय मीडिया पर नजर रखें और कर्फ्यू संबंधी बंदिशों पर अमल करें।

Desk Team