अमेरिकी विदेश मंत्री अगले हफ्ते आएंगे भारत, PM मोदी व जयशंकर से कई मुद्दों पर होगी चर्चा

Summary :

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन अगले हफ्ते अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे।

देश में कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर का भयावह असर फिलहाल जारी है। ऐसे में केंद्र सरकार के अलावा तमाम राज्य सरकारें भी लोगों को कोरोना वायरस के खिलाफ सतर्क रहने की सलाह दे रही है। इसी बीच एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन अगले हफ्ते अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे। 
इस दौरान ब्लिंकन भारत के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनके प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि नई दिल्ली की अपनी यात्रा के अलावा, ब्लिंकन 26 से 29 जुलाई तक अपनी विदेश यात्रा के दौरान कुवैत शहर की भी यात्रा करेंगे। 
प्राइस ने कहा है कि उनकी आगामी यात्रा साझेदारी को मजबूत करने और उनकी साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग को रेखांकित करने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है। प्राइस ने कहा, ‘‘नई दिल्ली में 28 जुलाई को, ब्लिंकन विदेश मंत्री एस जयशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। इस दौरान कोविड-19 से निपटने के प्रयासों पर निरंतर सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र, साझा क्षेत्रीय सुरक्षा हितों, साझा लोकतांत्रिक मूल्य और जलवायु संकट सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ब्लिंकन 28 जुलाई को कुवैत की यात्रा करेंगे जहां वह वरिष्ठ कुवैती अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे ताकि प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा जारी रखी जा सके जो हमारे 60 वर्षों के राजनयिक संबंधों के महत्व को रेखांकित करते हैं।’’ ब्लिंकन 29 जुलाई को वाशिंगटन वापस लौटेंगे।

Desk Team