उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर मतदान जारी हैं। इसे राज्य की हाई प्रोफाइल सीट का खिताब हासिल है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां से देश के पूर्व रक्षा मंत्री और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव सांसद थे। उनके निधन के कारण ही मैनपुरी में उपचुनाव हो रहे है। इस लोकसभा क्षेत्र पर तमाम सियासी दलों की नजर टिकी हुई है। मैनपुरी को समाजवादी पार्टी (SP) का गढ़ माना जाता है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे भेदने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। पार्टी के कई दिग्गज नेता मैनपुरी में डेरा डाले हुए है।
भाजपा -सपा के बीच कड़ा मुकाबला
सपा की ओर से मुलायम की बहू डिंपल यादव ताल ठोंक रही है तो वहीं भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। एक मीडिया चैनल से बातचीत में डिंपल यादव ने कहा कि लोग नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के सम्मान में वोट देनें जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, मैं एक महिला उम्मीदवार हूँ और इस क्षेत्र की बहू हूं इसलिए लोगों का समर्थन, सम्मान मिल रहा है। आपको बता दें कि अभी तक मैनपुरी लोकसभा सीट से किसी महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज नहीं की है। अगर डिंपल चुनाव में जीत हासिल करती है तो महिला उम्मीदवार के न जीतने का मिथक टूट जाएगा।
प्रशासनिक दुरूपयोग का आरोप
सपा उम्मीदवार ने लड़ाई के सवाल पर कहा कि जब परिणाम आएगा तब पता चलेगा। समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर प्रशासनिक दुरूपयोग का आरोप भी लगाया है। वहीं भाजपा ने सपा को हराने के लिए शाक्य समुदाय से आने वाले व्यक्ति को अपना उम्मीदवार बनाया है। मैनपुरी में यादव और शाक्य समुदाय की आबादी में थोड़ा ही अंतर है। भाजपा को उम्मीद है कि पार्टी रघुराज शाक्य के चेहरे पर आसानी से जीत हासिल कर लेगी। हालांकि किसके पक्ष में नतीजे आएंगे यह तो 8 दिसंबर को साफ हो जाएगा।