नई दिल्ली : जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच हुए खुनी संघर्ष को शांत करने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जेएनयू में छात्रों और शिक्षकों के खिलाफ हुए हिंसा की कड़ी निंदा करते हैं।
इस मामले में उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को जेएनयू प्रशासन के साथ मिलकर विश्वविद्यालय में शांति और व्यवस्था बनाने रखने का आदेश दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह इस मामले पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा जेएनयू में हुए घटना के तुरंत बाद एलजी से बात कर गुहार लगाई थी कि पुलिस विवि में शांति व्यवस्था बहाल करवाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह खुद मामले की निगरानी करेंगे।
जेएनयू हिंसा की हो निष्पक्ष जांच : तिवारी
भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने जेएनयू प्रकरण की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जनादेश द्वारा ठुकरा दिए गए और जनाधार विहीन राजनीतिक दलों और नेताओं की हताशा विश्वविद्यालयों में हिंसा के रूप में सामने आ रही है। जेएनयू में हुई हिंसा कि हम कड़ी निंदा करते हैं। इस बात की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए
जेएनयू पर पुलिस खामोश क्यों : सुभाष चोपड़ा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि जेएनयू में गुंडागर्दी पर पुलिस खामोश क्यों? सीपी जवाब दें। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएनयू में गुंडागर्दी रोकने के लिए पुलिस नहीं है लेकिन जामिया छात्रावास मे जबरन घुसकर छात्रों से अमानवीय व्यवहार करने के लिए पुलिस है।
संजय सिंह ने कहा माहौल खराब कर रही है भाजपा
आप के सांसद संजय सिंह ने जेएनयू मामले पर ट्वीट करके केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर हमला बोला, उनका कहना है कि गुंडागर्दी की हद है। दिल्ली पुलिस के सामने ही पत्रकारों को बुरी तरह पीटा जा रहा है। अमित शाह जी जागो, कहां सो रहे हो? आप आपकी नकारा पुलिस दिल्ली को क्यों बरबाद कर रही है? एक अन्य ट्वीट में संजय सिंह ने कहा है कि दिल्ली का माहौल खराब करने में लगी है भाजपा।
हिंसा की जानकारी मिलने पर रो पड़ीं स्वरा भास्कर
जेएनयू हिंसा के बाद अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने रोते हुए हिंसा की नंदी की। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए मिल रही जानकारी के मुताबिक एबीवीपी के समर्थकों ने मुंह ढककर जेएनयू छात्रों के साथ बुरी तरह से मारपीट की है।
उन्होंने छात्रों और शिक्षकों को भी पीटने के साथ विश्वविद्यालय परिसर में तबाही मचाई है। हिंसा में कई छात्र बहुत बुरी तरह घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।