पूर्वी दिल्ली : आनंद विहार इलाके में स्थित अमर ज्योति स्कूल (दिव्यांग बच्चों के लिए) के अंदर शुक्रवार को चल रहे दिवाली मेला कार्यक्रम में उस समय भगदड़ मच गई, जब एक झूला संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गया। हादसे के दौरान झूले में बड़े व बच्चों समेत करीब 24 लोग थे। हादसे में 25-30 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। सभी को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों के हाथ, पैर व सिर पर चोटें लगी हैं। शुक्रवार रात खबर लिखे जाने तक सभी का अस्पताल में उपचार जारी था।
डीसीपी शाहदरा अमित शर्मा का कहना था कि स्कूल परिसर में हादसा हुआ है। जिसमें करीब 14 लोग घायल हैं। लाइसेंसिंग विभाग से झूले की अनुमति दिए जाने या न दिए जाने के बारे में पता लगाया जा रहा है। जांच में जिसकी लापरवाही पाई जाएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, कड़कड़डूमा विकास मार्ग पर अमर ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा एक स्कूल दिव्यांग बच्चों के लिए स्कूल चलाया जाता है। इन दिनों वहां बच्चों के लिए दिवाली मेला कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को बच्चों के मनोरंजन के लिए वहां एक बड़ा झूला (हाथों से चलाए जाने वाला) लगाया गया था। शुक्रवार देर शाम उसमें बच्चे झूला झूल रहे थे। तीन लोग झूला चला रहे थे। उसी दौरान संतुलन बिगड़ने से झूला गिर गया। झूला पहले पेड़ पर गिरा फिर टीन शेड और फिर कार पर। इस दौरान झूले के एक-एक बॉक्स में चार-चार बच्चे बैठे थे। झूला छह बक्सों वाला था। झूला गिरते ही स्कूली परिसर में भगदड़ मच गई।
बताया गया है कि झूला गिरने से आस-पास खड़े लोग व बच्चे भी घायल हो गए। घायलों की संख्या 30 के पास होने की आशंका जताई गई है। मगर पुलिस ने 14 लोगों के घायल होने की बात कही है। खबर लिखे जाने तक घायल बच्चों की पहचान अनस, फाइजा, साहिल, मोहन, तनीषा, संदीप के तौर पर हुई थी।
झूले वाले की लापरवाही
चश्मदीदों की माने तो इस हादसे में स्कूल प्रशासन व झूले वाले की बड़ी लापरवाही रही है। चूंकि झूले को एक स्टैंड पर लगाया जाता है, लेकिन यहां झूला फर्श पर ही खड़ा कर के चलाया जा रहा था। वो भी तब जब तेज हवा चल रही थी। ये झूला बच्चों के लिए था। मगर उसमें बच्चों के साथ उनके परिजन भी बैठ गए थे। लोग हादसे के लिए उन्हें ही जिम्मेदार मान रहे हैं।
दर्दनाक था नजारा… हादसे के बाद नजारा बेहद दर्दनाक था। घायल हुए संदीप की बायीं आंख से खून निकल रहा था, जबकि संदीप के दोनों पैरों पर प्लास्टर बंधा हुआ था। बच्चे दर्द से कराह रहे थे। जिन्हें मामूली चोटें आई थीं, उन्हें उपचार देने के बाद छुट्टे दे दी गई थी। हादसे में बच्चों का एक कोच भी घायल हुआ है। जबकि एक दिव्यांग बच्चा भी घायल हुआ है।