कोरोना वायरस की वजह से इस वर्ष केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द किए जाने के बाद अब कई राज्यों ने भी एक्जाम रद्द कर दिए हैं। इसी कड़ी में पुदुचेरी सरकार ने भी कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा रद्द करने की घोषणा की है। पिछले सप्ताह तमिलनाडु सरकार द्वारा कक्षा 12 के छात्रों के लिए टीएन बोर्ड परीक्षा 2021 को रद्द करने के बाद यह घोषणा की गई है। आज जारी औपचारिक आदेश के अनुसार, पुदुचेरी सरकार ने पुदुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में प्लस टू पब्लिक एग्जाम को रद्द कर दिया है।
बता दें कि चूंकि केंद्रशासित प्रदेश का अपना राज्य बोर्ड नहीं है, इसलिए यूटी के सभी स्कूल तमिलनाडु बोर्ड से संबद्ध हैं। टीएन बोर्ड 12वीं परीक्षा 2021 को रद्द करने के बाद, पुदुचेरी 12वीं परीक्षा 2021 को रद्द करना अनिवार्य था। हालांकि, औपचारिक घोषणा में देरी हुई, क्योंकि इस संबंध में तमिलनाडु सरकार से आधिकारिक आदेश की प्रतीक्षा की जा रही थी।
पुदुचेरी 12वीं परीक्षा 2021 को रद्द करने की आधिकारिक घोषणा के बाद, 12 हजार से अधिक स्टूडेंट्स को बड़ी राहत मिली है, जो कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के लिए रजिस्टर्ड थे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा किए गए डिटेल्स के अनुसार, पुदुचेरी में कुल 12,353 स्टूडेंट्स और कराईकल में 2,321 स्टूडेंट्स ने 12वीं की परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।