पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धवान जिले में गुरुवार सुबह सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने ये जानकारी दी। कोयला संभालने के विवाद को लेकर बुधवार रात को खशकोजोवाड़ा कोयला खदान इलाके में झड़प के बाद ये घटना हुई।
सूत्रों ने बताया कि धर्मबीर नोनिया नामक व्यक्ति को प्रतिद्वंद्वी समूह के बदमाशों ने मार डाला। गोलीबारी के दौरान घायल हुए दो अन्य लोगों को दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुस्साए लोगों ने अंडाल पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया।