पटना, (पंजाब केसरी): उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने महान देशभक्त तथा प्रसिद्ध क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की पुण्यतिथि पर उन्हें हार्दिक नमन किया है तथा अपना श्रद्धा सुमन अर्पित किया है।
रेणु देवी ने कहा कि 1929 ई० में भगत सिंह के साथ सेंट्रल असेंबली में बम फोड़ने वाले बटुकेश्वर दत्त उन्हीं के साथ फांसी के तख्ते पर चढ़ना चाहते थे,लेकिन उनकी यह ख्वाहिश पूरी नहीं हो पाई और आजीवन उन्हें इस बात का मलाल रहा। बम फोड़ने के बाद अपनी गिरफ्तारी देने के लिए भगत सिंह के साथ वे वहीं रुक रहे ताकि अपनी भावनाओं को देशवासियों तक पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में वे आजीवन उपेक्षित रहे। जेल से रिहाई के बाद पटना में ही रह कर उन्होंने आम आदमी की तरह जीवन यापन किया। मरणोपरांत बटुकेश्वर दत्त का अंतिम संस्कार उनकी अंतिम इच्छा के अनुरूप पंजाब के हुसैनीवाला स्थित भगत सिंह के समाधि स्थल के निकट किया गया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “आज़ादी के अमृत महोत्सव” काल में हमें बटुकेश्वर दत्त जैसे क्रांतिकारियों द्वारा देश की आजादी में दिए गए उनके अतुल्य योगदान से आज की युवा पीढ़ी को परिचित कराते रहना है ताकि युवाओं में देशभक्ति का संस्कार सृजित हो सके।


Download Android App
Download iOS App



