बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को एक बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के बयान पर पटना महिला थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम छात्रा बोरिंग रोड स्थित एक मॉल में कुछ सामान खरीदने पहुंची थी। आरोप है कि मॉल से निकलने के दौरान उसका एक परिचित मिला, जिससे वह बात करने लगी।
युवती ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान कार सवार चार लड़कों ने उसे पिस्तौल दिखाकर अगवा कर लिया और पाटलिपुत्र स्थित एक फ्लैट में ले गए। आरोप है कि वहां पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बना लिया है, जिसे वे वायरल करने की धमकी दे रहे थे।
पीड़िता का कहना है कि मंगलवार सुबह आरोपी उसे कहीं लेकर जा रहे थे तभी वह मौका देखकर भाग निकली। इसके बाद पीड़िता पुलिस के पास पहुंची। पटना पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़िता को चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़िता के बयान पर महिला थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



