किशनगंज : बिहार के किशनगंज में पुलिस ने 11 विदेशी नागरिकों को वीजा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में मंगलवार की शाम को गिरफ्तार किया है यह सभी नागरिक तबलीगी जमात से जुड़े हुए थे। पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने मंगलवार को बताया कि ये सभी पर्यटन वीजा पर यहां आए थे। वीजा नियमों का उल्लंघन किये जाने और किशनगंज आने की स्थानीय पुलिस को जानकारी नहीं देने के मामले में इन विदेशी नागरिकों के विरुद्ध सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी ।
उन्होंने कहा कि 31 मार्च को इनकी चिकित्सकीय जांच करायी गयी थी जिसकी रिपोर्ट चार दिनों के बाद आयी और जांच में इन सभी में कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं पाया गया था। आशीष ने कहा कि इन विदेशियों को एहतियात के तौर पर एक स्थानीय मस्जिद में पृथक करके रखा गया था। इनमें 10 इंडोनेशिया और एक मलेशिया का नागरिक है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन लोगों ने कथित तौर पर धार्मिक उपदेश भी दिया जो कि उनके वीजा की शर्तों का उल्लंघन है। नतीजतन, उनके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और उन्हें जेल भेज दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



