केंद्र सरकार ने बिहार में एक मेगा फूड पार्क को मंजूरी देकर प्रदेश के लोगों को एक बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेगा फूड पार्क को मंजूरी देने की घोषणा करते हुए सोमवार को कहा कि इस प्रोजेक्ट से 5,000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस मौके पर बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन भी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि बिहार में उद्योग की जो आवश्यकता है उसकी पूर्ति करने की शुरुआत शाहनवाज जी के नेतृत्व में हो रही है। मेरा विश्वास है कि यह प्रोजेक्ट जल्द शुरू होगा और इसका लाभ बिहार के किसानों और बेरोजगारों नौजवानों को मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि इस पार्क में कॉमन इन्फ्रास्ट्रक्च र पर 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसमें लगने वाली फूड इंडस्ट्री में करीब 300 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इस प्रोजेक्ट से करीब 5,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शाहनवाज हुसैन जब से उद्योग मंत्री बने हैं तब से उनका लगातार प्रयास रहा है कि बिहार में निवेश हो, इंडस्ट्री आए और रोजगार के अवसर पैदा हों और हाल के दिनों में असम में चुनाव प्रचार के दौरान वह लगातार इस बात की चर्चा करते थे।
इस मौके पर बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने केंद्रीय मंत्री तोमर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार की 14 करोड़ जनता की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का आभार व्यक्त करता हूं।
घोषित प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बिहार के उद्योग मंत्री ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर इलाके में बिहार इंडस्ट्रीयल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी बियादा की 78 एकड़ जमीन पर यह मेगा फूड पार्क बनेगा। उन्होंने बताया कि इसमें कुल 400 करोड़ रुपये का निवेश होगा।


Download Android App
Download iOS App



