बिहार में मध्य-पूर्व रेलवे के गया-किउल रेलखंड पर बदमाशों ने चलती ट्रेन में एक बैंककर्मी पर चाकू से हमला किया और फरार हो गए। बैंक कर्मी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया, “जमुई में कैनरा बैंक में पीओ के पद पर कार्यरत मिलिंद कुमार मधुकर (28) बुधवार की रात गया में एक विभागीय बैठक में हिस्सा लेकर गया-जमालपुर फास्ट पैसेंजर से किउल वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिरारी-लखीसराय स्टेशन के बीच अपराधियों ने उन्हें चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।”
बैंककर्मी घायल अवस्था में लखीसराय स्टेशन पर उतरकर स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी मौत अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। घटना से नाराज लोगों ने लखीसराय में सदर अस्पताल के निकट सिकंदरा-लखीसराय मुख्य पथ को जाम कर दिया। मामले की जानकारी के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
लखीसराय के सहायक पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। मिलिन्द के पिता बेतिया के एक कॉलेज में कार्यरत हैं। उनके परिजनों कहना है कि अगर सही समय पर इलाज हो जाता, तो शायद मिलिन्द की मौत ना होती।


Download Android App
Download iOS App



