दुनियाभर में कोहराम मचा रहा कोरोना वायरस भारत में अपने चरम स्तर पर है। ऐसे में कई नेता इसकी चपेट में आ रहे है। इसी कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोरोना जांच में संक्रमित पाये गये हैं और वह अपने घर में पृथक-वास में चले गये है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है।
बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी जानकारी
बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्विटर पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि नीतीश कोरोना जांच में संक्रमित पाये गये हैं और चिकित्सकों की सलाह पर वह गृह पृथक-वास में हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी से कोविड अनुकूल सावधानियां बरतने की अपील की है।
जनता दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम’’ के कई उपस्थित लोग जांच में संक्रमित पाये गए
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार कोरोना जाँच में पॉज़िटिव पाये गए हैं। चिकित्सकों की सलाह पर वह होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने सभी से कोविड अनुकूल सावधानियां बरतने की अपील की है।
— CMO Bihar (@officecmbihar) January 10, 2022
गौरतलब है कि पिछले सोमवार को ‘‘जनता दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम’’ के कई उपस्थित लोग जांच में संक्रमित पाये गये थे। इस कार्यक्रम के एक दिन बाद कैबिनेट की बैठक से ठीक पहले प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री समेत कई मंत्री संक्रमित पाये गये थे । इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्यव्यापी समाज सुधार अभियान सहित अपने कई कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया था। पिछले एक सप्ताह में पटना के एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर तैनात कई कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
नीतीश सरकार ने लगाई है कई पाबंदियां
ध्यान रहे कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार की ओर जारी आदेश के बाद 6 जनवरी से नाइट कर्फ्यू लागू हुआ है। रात 10:00 बजे से लेकर सुबह 5:00 बजे तक कर्फ्यू है। स्कूल-कॉलेज-कोचिंग तक बंद कर दिए गए हैं। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में 50 फीसदी क्षमता के साथ काम किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



