बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंद सिंह का बुधवार सुबह निधन हो गया है। सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। तबियत अधिक बिगड़ने पर इलाज के लिए उन्हें राजधानी पटना के सगुना मोड़ स्थित क्यूरिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनका निधन हो गया।
वह करीब 84 वर्ष के थे। सिंह का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा। वह भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से लगातार नौ बार विधायक रह चुके है। वह पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा की सरकार में सिंचाई मंत्री भी रहे थे। उनके निधन के बाद से बिहार के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह जी का आज स्वर्गवास हो गया। एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ है। आपका हँसता हुआ चेहरा हमेशा याद आएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिवार को इस असहनीय दुःखद घड़ी को सहने की शक्ति दे।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सदानंद सिंह जी के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूँ। उनका लंबा सामाजिक-राजनीतिक अनुभव रहा. वो एक कुशल राजनेता थे. ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।
नीतीश ने सदानंद सिंह के निधन पर जताया शोक, राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सिंह के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा कि सिंह अनुभवी राजनेता थे। वह अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर और सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने भागलपुर की कहलगांव सीट का नौ बार प्रतिनिधित्व किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंह वर्ष 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा का अध्यक्ष भी रहे थे। वह बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा मंत्री भी रहे थे। उन्होंने कहा, ‘उनसे मेरा व्यक्तिगत संबंध था। उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। बिहार की राजनीति में उनका अहम योगदान था। उनके निधन से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
नीतीश ने सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
सदानंद सिंह बड़े नेताओं में से एक
सदानंद सिंह सिर्फ कांग्रेस के ही नहीं बाकि राज्य के बड़े नेताओं में से एक थे। वो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा लंबे समय तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। सदानंद सिंह साल 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष रहे। इसी के ही साथ वो 10 साल कांग्रेस विधायक दल के नेता भी रहे हैं। उनके बेटे सुभानंद मुकेश ने बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में कांग्रेस के टिकट पर कहलगांव सीट पर चुनाव भी लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उनके बेटे को हार का सामना करना पड़ा था।