बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) की टीम ने मुजफ्फरपुर के सहायक निदेशक के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। ईओयू के एक अधिकारी ने बताया कि पटना और मुजफ्फरपुर के कुल चार ठिकानों पर छापेमारी हो रही है। मुजफ्फरपुर के उद्यान निदेशक शंभू प्रसाद के ठिकानों पर ईओयू की अलग-अलग टीम पटना और मुजफ्फरपुर में पहुंची है।
बताया गया कि प्रसाद के मुजफ्फरपुर स्थित सहायक उद्यान का कार्यालय, मुजफ्फरपुर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-6 परिसर के सामने स्थित किराए का आवास, पटना के पटेल नगर के रोड नंबर 8 स्थित मकान और ग्राम-फतेहपुर, थाना-बेलछी, जिला-पटना स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी की गई है। आर्थिक अपराध इकाई को सूचना मिली थी कि शंभू प्रसाद ने सहायक उद्यान निदेशक ने पद का दुरुपयोग कर अकूत संपत्ति स्वयं और अपने परिजनों के नाम से अर्जित की है। सूचना के बाद जांच में यह बात सही पाई गई।
इस मामले में सहायक उद्यान निदेशक के खिलाफ आर्थिक अपराध थाने में 27 जून को कांड संख्या 25/2022 दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। इनकी परिसंपत्तियों एवं अन्य व्यय के आधार पर इनकी आय से अधिक संपत्ति लगभग 101 प्रतिशत अधिक की संभावना जताई गई है। इस पूरे मामले के बाद अदालत से तलाशी और जांच की मंजूरी के बाद पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि अभी छापेमारी हो रही है।


Download Android App
Download iOS App



