बिहार तथा नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही बारिश के बाद राज्य की सभी नदियां उफान पर हैं। बाढ़ के कहर से लोग परेशान हैं। नदियों में जलस्तर में वृद्घि बाद राज्य के 10 जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। इस बीच अब बाढ़ के कारण रेल मार्ग भी प्रभावित होने लगे हैं। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल के सगौली-मझोलिया स्टेशन के बीच रेल पुल संख्या-248 पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने से मुजफ्फरपुर-सगौली रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मीडिया प्रभारी सरस्वती चंद्र ने शनिवार को यहां बताया कि नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि से सगौली-मझोलिया स्टेशन के बीच रेल पुल संख्या-248 पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। उन्होंने बताया कि पानी के भारी दबाव को देखते हुए शुक्रवर की रात से मुजफ्फरपुर-सगौली रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
चंद्र ने बताया कि इस खंड पर चलने वाली ट्रेनों को वाया मुजफ्फरपुर-छपरा एवं गोरखपुर और रक्सौल-सिकटा एवं नरकटियागंज चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 02557 सप्तक्रांति एवं 09040 मुजफ्फरपुर-बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन को वाया छपरा-गोरखपुर और 05273 रक्सौल-नई दिल्ली ट्रेन समेत अन्य प्रमुख गाड़यों को भाया रक्सौल-सिकटा-नरकटियागंज चलाया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



