बिहार में अपराधियों के बुलंद होते हौसले राज्य सरकार की कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण है कि दानापुर नगर परिषद के उपाध्यक्ष सह जदयू के प्रदेश सचिव दीपक कुमार मेहता की खुलेआम हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। पुलिस फ़िलहाल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दीपक सोमवार की रात नासरीगंज स्थित अपने आवास की चहारदीवारी के अंदर टहल रहे थे तभी घर के मेन गेट के पास अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी और फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से दीपक को स्थानीय एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुकेश सहनी को काग्रेंस में शामिल होने का न्योता
बताया जा रहा है कि चार से पांच अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद बाइक पर ही सवार होकर भाग निकले। इस घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जमकर जमकर हंगामा किया। बाद में किसी तरह इन लोगों को समझा बुझाकर स्थिति शांत कराया गया। घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है।
घटना के कारणों को लेकर पुलिस साफ तौर पर कुछ भी नहीं बोल पा रही है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक घटना के पीछे जमीन विवाद और चुनावी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है तथा सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दीपक 2020 में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) से दानापुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था, रालोसपा के जदयू में विलय होने के बाद ये जदयू में आ गए थे।


Download Android App
Download iOS App



