बिहार के भोजपुर जिले में एंबुलेंस पर सवार होकर आए अपराधियों ने सोमवार को दिनदहाड़े एक नवनिर्वाचित मुखिया संजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नवनिर्वाचित मुखिया सिंह सोमवार को अपने एक सहयोगी के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से चरपोखरी के ठेंगवा गांव से अपने गांव बजेन जा रहे थे।
एंबुलेंस से भाग रहे अपराधि
इसी दौरान प्रीतमपुर और भलुआन गांव के बीच एंबुलेंस पर सवार होकर आए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। सिर पर गोली लगने से घटनास्थल ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर एंबुलेंस से भाग रहे अपराधियों की एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना को लेकर गांव और आसपास इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
हत्या का कारण चुनावी रंजिश
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। हत्या का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम ²ष्टया हत्या का कारण चुनावी रंजिश की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि बिहार में चल रहे पंचायत चुनाव में पांचवें चरण के तहत बीते 24 अक्टूबर को चुनाव हुआ था और 26 अक्टूबर को मतगणना में संजय सिंह बाबूबांध पंचायत से दोबारा मुखिया निर्वाचित हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



